आपको चाहे जो भी काम करना हो, चाहे मंगल पर बस्ती बसानी हो या समर इंटर्नशिप हासिल करनी हो, आपको कभी न कभी लोगों से मदद माँगनी पड़ती है। लेकिन क्या आप जानते हैं, मदद माँगना भी एक कौशल है? ज़्यादातर लोगों के पास यह कौशल नहीं होता। ऐसे लोग मदद माँगते वक्त सिर्फ़ अपने और अपनी ज़रूरत के बारे में सोचते हैं। जबकि मदद माँगने की सबसे पहली शर्त है सामने वाले के बारे में सोचना। कोई भी अच्छी बातचीत तभी सफल होती है जब आप सामने वाले के मन को समझते हैं। कुछ लोग ऐसा भी कहते हैं कि मदद तो किस्मत से मिलती है। लेकिन किस्मत से मिलने के लिए, मदद कोई पैदाइशी विरासत नहीं है, न ही दुनिया आपकी देनदार है।
तो फिर मदद मिलती कैसे है? मदद मिलती है जब आप मदद माँगने के बुनियादी नियमों का पालन करते हैं। इसीलिए, अनजान लोगों से मदद माँगते समय कुछ आसान नियम ज़रूर ध्यान में रखने चाहिए।
पहला नियम है यह समझना कि मदद काम की नहीं, इंसान की की जाती है। जब कोई मदद करता है तो वह आपके काम की मदद नहीं करता, वह आपकी मदद करता है। इसलिए, आपको यह साबित करना होगा कि आप मदद पाने के काबिल इंसान हैं। और यह साबित करने का सबसे बेहतरीन तरीका है यह दिखाना कि आप अपने काम को लेकर वाकई गंभीर हैं।
कहने को तो कोई भी कह सकता है कि मुझे मशीन लर्निंग सीखनी है या वेटलिफ्टिंग शुरू करनी है। लेकिन क्या आप सच में यह करना चाहते हैं, इसका पता चलता है आपके ‘Proof of Work’ से, यानी आपके द्वारा पहले किए गए काम से। आपका बनाया हुआ कोई AI मॉडल, गहरे रिसर्च के आधार पर लिखा हुआ कोई लेख, या आपकी ट्रेनिंग का कोई वीडियो—ये साबित करते हैं कि आप हवा में बातें नहीं कर रहे। सामने वाला आपके लिए चार कदम चल सकता है, बशर्ते आप पहले दो कदम चलें।
मदद माँगने का दूसरा तरीका है व्यक्तिगत पहचान। अगर आप कहते हैं कि “रमेश ने मुझे आपसे बात करने को कहा था” तो सामने वाला आपकी बात गंभीरता से सुनता है। लेकिन यहाँ थोड़ी सावधानी बरतनी ज़रूरी है, क्योंकि यहाँ आप किसी और की साख (credibility) का इस्तेमाल कर रहे हैं। अगर सामने वाला इंसान रमेश को पसंद नहीं करता, तो वह शायद आपको भी नापसंद कर दे। और अगर आप उतने बेहतर नहीं निकले जितना रमेश ने बताया था, तो रमेश की साख भी कम हो जाएगी।
आखिर में बात आती है किसी नामी संस्थान की साख (institutional credibility) की। आप कह सकते हैं कि आप किसी मशहूर यूनिवर्सिटी के छात्र हैं या किसी बड़ी कंपनी में काम करते हैं। लेकिन यह तरीका सबसे कमज़ोर माना जाता है, क्योंकि इससे ज़्यादा से ज़्यादा यही साबित होता है कि आपने एक बार कोई एग्ज़ाम या इंटरव्यू पास किया था, इससे ज़्यादा कुछ नहीं। इसके अलावा, इससे सामने वाले के साथ आपका कोई खास संबंध भी नहीं बनता और उसे ऐसा लग सकता है कि आप बस अपना रुतबा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए इसका इस्तेमाल बहुत सोच-समझकर करें और सिर्फ़ इसी के भरोसे न रहें।
एक बार जब आप अपना परिचय दे दें (या न भी दें), तो अगला कदम होता है संदर्भ (context) समझाना। मदद माँगने से पहले आपको इस सवाल का जवाब देना होगा: आखिरकार बात क्या है? अगर आपने पिछला कदम ठीक से पूरा किया है, तो आप सामने वाले का ध्यान हासिल कर चुके हैं, और अब आपको उसका इस्तेमाल बहुत समझदारी से करना होगा। यहाँ आपकी बात इतनी संक्षिप्त होनी चाहिए कि उसे और छोटा करना मुमकिन ही न हो। याद रहे, आप उनका समय और ध्यान इस्तेमाल कर रहे हैं, जो आज की दुनिया की सबसे मूल्यवान चीज़ें हैं। इसके लिए, यह सोचिए कि आपकी बात का सामने वाले से संबंध है या नहीं। अपने इलाके के नेता से बात करते वक्त अपने कॉलेज क्लब की गुटबाज़ी का किस्सा न सुनाएँ, बल्कि यह बताएँ कि आपका क्लब उनकी विधायी प्राथमिकताओं (legislative priorities) में कैसे योगदान दे रहा है। जब आप किसी वैज्ञानिक से इंटर्नशिप माँग रहे हों, तो यह न बताएँ कि आपको बचपन से ही विज्ञान से कितना लगाव रहा है, बल्कि यह बताएँ कि आपने 2023 के उनके रिसर्च पेपर पर आगे क्या काम किया है।
अगला नियम यह है, आपकी माँग ऐसी हो जिसे स्वीकार करना सामने वाले के लिए आसान हो। किसी बात को आसान बनाने का मतलब है सामने वाले की मेहनत और समय को कम करना। इसमें पहली चीज़ है—माँग का दायरा। किसी से 20 मिनट का समय माँगना ठीक है, लेकिन उनसे एक हफ्ते में अपनी 500 पन्नों की किताब पढ़ने की उम्मीद न रखें। दूसरी बात, अपनी माँग को बिल्कुल स्पष्ट रखें— “क्या मैं आपसे मार्गदर्शन ले सकता हूँ?” कहने से बेहतर है कि आप सीधे किसी रिसोर्स या किताब की सलाह माँगें। जब आप अपनी बात रख दें, तो सामने वाले के लिए प्रक्रिया को आसान बना दें। अगर आप किसी से परिचय करवाने की गुज़ारिश कर रहे हैं, तो अपने बारे में एक छोटा-सा संदेश खुद लिखकर दें, जिसे वे आसानी से आगे भेज सकें। अगर कोई सवाल है, तो फ़ोन करने के बजाय उसे मेसेज द्वारा पूछें। और आखिरी बात, अपनी माँग को मर्यादित रखें। जीवनभर का मेंटर बनने जैसी लंबी ज़िम्मेदारी न माँगें, बल्कि अपनी बात को सिर्फ़ एक ब्लॉग पोस्ट पढ़वाने तक सीमित रखें। अगर यह पहला अनुभव अच्छा रहा, तो वे आगे भी खुशी-खुशी आपकी मदद करेंगे।
आखिरी नियम थोड़ा अलग है, सामने वाले के लिए ‘ना’ कहना आसान बनाएँ। आपको लग सकता है कि यह तो हमारे लिए सबसे बुरी बात होगी। लेकिन यह बुरी बात नहीं है। सबसे बुरी बात है किसी दबाव में, बेमन कहा गया ‘हाँ’। इसलिए अगर कोई ‘ना’ कहे, तो आपके लिए सबसे अच्छा यही है कि आप उनका शुक्रिया अदा करें और आगे बढ़ जाएँ। अपनी बातों से उन्हें अपराधी महसूस कराना या बार-बार उनके पीछे पड़ना—इससे आपके फ़ायदे के बजाय नुकसान ही होगा। आपकी यह ज़बरदस्ती उस इंसान के साथ आपके रिश्ते हमेशा के लिए खराब कर देगी, भले ही आपको लगे कि आपने बहुत मेहनत से कोई जीत हासिल कर ली है।
कोई इंसान बेदिली से एक बार आपकी मदद कर भी देता है, तो भी वह दोबारा कभी आपकी मदद नहीं करेगा। उसकी वह मदद भी महज़ आपसे पीछा छुड़ाने की कोशिश भर होगी। इसके उलट, अपनी मर्जी से की गई मदद एकदम सहज होती है। ठीक वैसी ही, जैसे आप किसी पसंदीदा मेहमान के लिए दरवाज़ा खोलकर खड़े रहते हैं। खुशी से मिली मदद आपके ज़मीर को बोझमुक्त रखती है और किसी को मजबूर भी नहीं करती। जब मदद दिल से मिलती है, तो वह एक ऐसे रिश्ते की बुनियाद बनती है जहाँ आप दोनों मिलकर कुछ बेहतर कर पाते हैं।
ये सिर्फ़ कुछ व्यावहारिक नियम हैं। अगर आप मुख्य सिद्धांत को समझते हैं, तो आप इन्हें अपनी ज़रूरत के हिसाब से बदल सकते हैं या पूरी तरह छोड़ भी सकते हैं। सबसे अहम बात बस यह है आप सामने वाले के नज़रिए से सोच रहे हैं या नहीं। बस एक बात का हमेशा ध्यान रखें—झूठ कभी मत बोलिए। आपकी हर गुज़ारिश के पीछे आप खुद खड़े होते हैं। अगर सामने वाले को ज़रा-सी भी भनक लग गई कि कुछ गड़बड़ है, तो आपकी माँग, फिर चाहे वह कितनी भी छोटी, स्पष्ट या आसान क्यों न हो, कभी पूरी नहीं होगी।
— प्रद्युम्न प्रसाद
अनुवाद: परीक्षित सूर्यवंशी
प्रद्युम्न नेशनल युनिवर्सिटी ऑफ़ सिंगापूर के छात्र हैं तथा अर्थशास्त्र और टेक्नोलॉजी जैसे विषयों पर नियमित रूप से लिखते हैं।
अंग्रेज़ी में यह लेख आप यहाँ पढ़ सकते हैं: How to Ask for Help?
पुलियाबाज़ी में शेयर करें अपने विचार और फ़ोटो
क्या आप भी पुलियाबाज़ी मैगज़ीन में अपना लेख या फ़ोटो प्रकाशित होते देखना चाहते हैं? अगर हाँ, तो भेजिए ‘Vibrant Cities’ की थीम पर आधारित अपनी प्रविष्टि। यदि आपके लेख/फ़ोटो का चयन होता है तो वे हमारी आगामी मैगज़ीन में प्रकाशित किए जाएँगे।
अधिक जानकारी के लिए कृपया नीचे दी गई लिंक पर जाएँ:
SUBMISSION GUIDELINES & STYLE GUIDE
पुलियाबाज़ी मैगज़ीन: तीसरा अंक
पुलियाबाज़ी का तीसरा अंक आ चुका है! इस अंक की थीम है ‘विश्व मंथन में भारत’ (India in the World)। इस अंक में आप भारत के नज़रिए से—टेक्नोलॉजी, अंतरराष्ट्रीय संबंध, परमाणु रणनीति, चीन और भारत के रिश्तों समेत, ऊर्जा नीति, नए दौर के युद्ध, अंतरिक्ष अनुसंधान तक कई विषयों पर लेख पढ़ सकेंगे। साथ ही, राष्ट्रवाद पर गाँधी-टागोर के विचार और समकालीन हिंदी कवियों की सशक्त कविताएँ भी आपको इस मैगज़ीन में मिलेंगी।
तो देर किस बात की? आज ही अपनी कॉपी बुक कीजिए नीचे दी गई लिंक पर:
पुलियाबाज़ी मैगज़ीन । Puliyabaazi Magazine
सात साल और 300 से अधिक एपिसोड के सफर के बाद, 'पुलियाबाज़ी' अब पॉडकास्ट से आगे बढ़कर एक लिखित विचार-पत्रिका के रूप में आपके सामने है। हमारी कोशिश हमेशा से जटिल विषयों और लोकनीति को भारी-भरकम शब्दावली के बजाय सहज, बोलचाल की हिंदी में पेश करने की रही है—ताकि विचार सीधे दिल और दिमाग दोनों को छू सकें। लोकनीति, टेक्नोलॉजी, सामयिकी और साहित्य से जुड़े हिंदी लेख…
पुलियाबाज़ी मैगज़ीन अब डिजिटल फ़ॉर्मेट में भी उपलब्ध!
हमारे कई पाठकों की माँग थी कि पुलियाबाज़ी मैगज़ीन डिजिटल फ़ॉर्मेट भी उपलब्ध कराई जाए। हमें ख़ुशी है कि हम उनकी यह माँग पूरी कर सके।
नीचे दी गई लिंक (Amazon) से आप पुलियाबाज़ी के तीनों अंक डिजिटल रूप में खरीद सकते हैं। और अगर आपके पास Kindle Unlimited है, तब तो आप ये सभी अंक फ्री में पढ़ सकते हैं!
Those outside India, please check your local Amazon website.
Puliyabaazi Hindi Magazine on Amazon
सोच की स्वछंदता, सॉफ्टवेयर का 'कबाड़ा' और AI की दौड़ में भारत कहाँ? Cognitive Autonomy, Enshittification and AI Divide
पुलियाबाज़ी के इस एपिसोड में, हम चर्चा करते हैं AI क्रांति और उभरते हुए “AI Divide” पर। क्या भारत AI के इस्तेमाल से अपनी विशाल मानव पूंजी (human capital) के लिए अवसर पैदा कर पायेगा? क्या AI क्रांति भारत की समस्याओं को सुलझाने में काम आएगी? इसके अलावा, हम AI के दौर में अपनी सोचने-समझने की आज़ादी (cognitive autonomy) कैसे बचा कर रखे? साथ ही, बातचीत सॉफ्…
एआई की झांकी: कोडिंग और डेटा एनालिसिस अब सबके लिए | AI Demo: Coding & Cool Projects for Everyone
नमस्ते! अक्सर लोग एआई को एक बेहतर गूगल सर्च की तरह इस्तेमाल करते हैं, पर अब यह आपका अपना “डिजिटल वर्कर” बन सकता है। पुलियाबाज़ी के इस विशेष झांकी एपिसोड में सौरभ और प्रणय एआई के प्रयोगों का लाइव डेमो दे रहे हैं। कोडिंग से लेकर जटिल आर्थिक डेटा के विश्लेषण तक, एआई अब केवल जवाब ही नहीं देता, बल्कि एक जूनियर एनालिस्ट की तरह काम भी करता है। इस चर्चा में हमन…
शिक्षा और संवाद पर फ्रांसिस बेकन की कालातीत सीख
इस हफ़्ते की टिप्पणी में हम साझा कर रहे हैं सोलहवीं शताब्दी के प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ, दार्शनिक और लेखक फ्रांसिस बेकन के दो कालजयी निबंध। बेकन को अंग्रेज़ी निबंध और अनुभववाद (Empiricism) का पितामह कहा जाता है। गणितीय सूत्र जैसे संक्षिप्त वाक्य, अनुभवों का ठोस आधार और व्यावहारिक समझदारी से ओतप्रोत उनके निबंध दुनिया भर के पाठकों में काफ़ी लोकप्रिय हैं।







