नवंबर आते ही दिल्ली के प्रदूषण की खबरें आने लगती हैं। दिल्ली फिर भी खुशनसीब है, उसे कम से कम खबरों में जगह तो मिलती है। भारत के कई अन्य शहर तो इतने भी भाग्यशाली नहीं हैं। AQI के मुताबिक दुनिया के सबसे प्रदूषित 100 शहरों में से 92 भारत में हैं। प्रदूषण से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से भी हम भली-भाँति परिचित हैं। फिर भी क्या वजह है कि हम इस जानलेवा समस्या को सुलझा नहीं पा रहे हैं?
क्या दुनिया के किसी और शहर को कभी प्रदूषण की समस्या से जूझना ही नहीं पड़ा? और अगर पड़ा तो उन्होंने इससे कैसे निपटा? माना कि किसी और देश के उपाय हम अपने देश में वैसे के वैसे लागू नहीं कर सकते, लेकिन हम कुछ बुनियादी बातें तो सीख सकते हैं न? लंदन, पेरिस, लॉस एंजिलिस और बीजिंग जैसे शहर कभी दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में शुमार थे। आज ये शहर आर्थिक विकास के साथ-साथ साफ़ हवा के लिए भी जाने जाते हैं।
पर यह सब एक महीने या एक साल में नहीं हुआ। इसके लिए उन्होंने 10-15 सालों तक एक निश्चित दिशा में लगातार प्रयास किए। हमें भी कुछ ऐसा ही करना होगा। क्या और कैसे? यही समझते हैं आज के लेख में सरथ गुट्टीकुंडा और साई कृष्ण दम्मालपति के लेख और रिसर्च, ‘What is Missing from the Air Quality Dialogues in India?’ के आधार पर।
भारत की स्थिति
भारत की स्थिति को समझने के लिए एक प्रतिनिधिक उदाहरण के तौर पर दिल्ली की बात करते हैं। दिल्ली में वायु प्रदूषण की चर्चा हर साल होती है। सर्दियाँ आते ही प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगता है, हवा की गुणवत्ता पर बहस शुरू हो जाती है और सरकारों से सवाल पूछे जाने लगते हैं। अलग-अलग विभाग बैठकें करते हैं, विशेषज्ञ अपनी राय रखते हैं और प्रदूषण के कारणों पर नए अध्ययन सामने आते हैं। इन चर्चाओं में अब तक कई तरह के समाधान भी सुझाए जा चुके हैं। लेकिन इन सबके बावजूद प्रदूषण की समस्या बनी हुई है।
दरअसल, दिल्ली के प्रदूषण पर हमारे पास जानकारी की कमी नहीं है। हम जानते हैं कि प्रदूषण के स्रोत कौन से हैं और वे कितना प्रदूषण करते हैं।
दिल्ली के प्रदूषण में विभिन्न स्त्रोतों का योगदान:
सर्दियों में कुछ मौसम संबंधी कारणों से प्रदूषण बढ़ जाता है, लेकिन यह समझना ज़रूरी है कि प्रदूषण के अन्य सभी स्रोत साल भर मौजूद रहते हैं और पूरे वर्ष प्रदूषण में बड़ी भूमिका निभाते हैं।
1990 से 2025 के बीच दिल्ली के PM 2.5 प्रदूषण में अलग-अलग स्रोतों का योगदान कुछ इस प्रकार रहा:

2019 से 2025 के बीच इस प्रदूषण का वार्षिक औसत स्तर 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के आसपास बना रहा है। इन वर्षों में, प्रदूषण-नियंत्रण के कई प्रयास किए गए हैं, जैसे राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP), ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP), इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) का प्रसार, फ्लाईओवर और मेट्रो जैसी बड़ी परियोजनाओं का पूरा होना, पाइप गैस के ज़रिए एलपीजी की खपत में भारी वृद्धि और कचरा प्रबंधन से जुड़े उपाय। इन सभी ने PM 2.5 की वार्षिक औसत 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर बनाए रखने में भूमिका निभाई है।
लेकिन अगर हम दिल्ली का PM 2.5 स्तर राष्ट्रीय वार्षिक वायु गुणवत्ता मानक (National Annual Ambient Standard)—40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर—तक लाना चाहते हैं, तो हमें भी अगले 15 सालों के लिए एक ठोस योजना बनानी होगी। हमारे पास न डेटा की कमी है, न ही उपायों की। कई विशेषज्ञों ने प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी उपाय सुझाए हैं। अगर कमी है तो वह है एक स्पष्ट योजना की, संवाद की और जवाबदेही की। सरथ और साई ने इन्हीं तीन कमियों को समझाया है।
स्पष्ट योजना (Pathway):
हमारे पास आज से लेकर अगले 10-15 साल तक का कोई ठोस प्लान नहीं है। इस दौरान हर एक स्रोत द्वारा होने वाला प्रदूषण कैसे और कितना कम करना है, इसकी निश्चित योजना नहीं है। बिना किसी स्पष्ट योजना के, अलग-अलग विभाग यह कैसे तय कर पाएँगे कि उन्हें क्या और कितना काम करना है?
इसलिए हमें सबसे पहले एक स्पष्ट योजना बनानी होगी। हम आज कहाँ हैं और हमें कहाँ पहुँचना है? मंज़िल तक पहुँचने के लिए कौन कितने कदम चलेगा, यह तय करना होगा। जैसे परिवहन विभाग कितना प्रदूषण कम करेगा, उद्योगों को कितना भार उठाना होगा और कचरा प्रबंधन में क्या बदलाव ज़रूरी हैं। इन सवालों का जवाब एक स्पष्ट समयबद्ध योजना के तहत देना होगा।
प्रतिबद्धता की कमी (Commitment from Stakeholders):
प्रदूषण नियंत्रण पर अलग-अलग हितधारकों में प्रतिबद्धता की कमी साफ़ दिखाई देती है। वायु प्रदूषण पर होने वाली बैठकों में कई विभाग, वैज्ञानिक, विशेषज्ञ और अन्य हितधारक शामिल होते हैं। बातचीत में समस्या के अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा होती है और कई बार नए उपाय भी सामने आते हैं, पर कोई ठोस फ़ैसला नहीं होता। इससे ‘एनालिसिस पैरालिसिस’ हो जाता है, यानी सिर्फ़ चर्चाएँ और विश्लेषण होते हैं, समाधान नहीं निकलता। जब कोई काम किसे और कब तक करना है, यही साफ़ नहीं होगा, तो देरी होना स्वाभाविक है।
यहाँ एक और बात पर ध्यान देना ज़रूरी है। हम प्रदूषण के सभी स्रोतों पर एक जैसी समयसीमा लागू नहीं कर सकते। उदाहरण के लिए, पराली जलाने की समस्या से निपटने के लिए सामाजिक और संस्थागत स्तर पर बातचीत और सहमति बनाने में दो-तीन साल लग सकते हैं। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बसों की खरीद और पूरी व्यवस्था तैयार करने में समय लगेगा। दूसरी ओर, खुले में कचरा जलाना कम करने के लिए बेहतर कचरा प्रबंधन के प्रयास तुरंत शुरू किए जा सकते हैं। इसलिए ज़रूरी है कि हर स्रोत के लिए उसकी ज़रूरत और परिस्थितियों के अनुसार लक्ष्य और समयसीमा तय किए जाएँ।
संवाद का स्पष्ट मार्ग (Communication Pathway):
तीसरी कमी यह है कि फैसले लेने वाले अधिकारियों, उन्हें लागू करने वाले विभागों और उनसे प्रभावित होने वाले लोगों के बीच संवाद का स्पष्ट रास्ता नहीं है। किसी योजना का असर तभी होगा जब यह स्पष्ट हो कि निर्णय कहाँ लिया गया, उसे किस विभाग को लागू करना है और उसके नतीजों की जानकारी किसे देनी है। जब तक यह संवाद स्पष्ट नहीं होता, तब तक ज़िम्मेदारी किसी एक पर नहीं आती और काम सिर्फ़ कागज़ों पर होता है। दिल्ली में पहले EPCA और वर्तमान में CAQM जैसी संस्थाओं द्वारा न्यायिक निगरानी की व्यवस्था रही है। लेकिन निगरानी के साथ-साथ फ़ैसलों को ज़मीन पर लागू करने वाली संस्थाओं और लोगों के बीच भी एक स्पष्ट संवाद व्यवस्था जरूरी है।
अगर हम इन कमियों को दूर कर सकें और समयबद्ध तरीके से उपायों को लागू कर सकें, तो दुनिया के अन्य शहरों की तरह सिर्फ़ दिल्ली ही नहीं, भारत के सभी शहर प्रदूषण-मुक्त हो सकते हैं।
दुनिया के अन्य शहरों ने कैसे कम किया प्रदूषण?
लंदन
लंदन में वायु प्रदूषण की समस्या दो बड़े चरणों में सामने आई। पहले घरों और उद्योगों में कोयला जलाने से निकलने वाला धुआँ शहर की हवा को जहरीला बन रहा था। 1952 का Great Smog इसका सबसे गंभीर उदाहरण था, जिसमें 12,000 लोगों की मौत दर्ज की गई थी। इसके बाद 1956 में सरकार ने Clean Air Act लागू किया। इसके तहत शहर के कुछ इलाकों को Smoke Control Areas घोषित किया गया, जहाँ धुआँ पैदा करने वाले ईंधन जलाने पर रोक लगा दी गई। लोगों को कोयले के बजाय गैस और बिजली जैसे साफ विकल्प अपनाने पड़े। धीरे-धीरे अर्थव्यवस्था भी कोयले से उबरती गई।
इसके बाद प्रदूषण की एक बड़ी वजह गाड़ियों से निकलने वाला धुआँ बनी। इससे निपटने के लिए 2003 में Congestion Charge शुरू किया गया, ताकि शहर में गाड़ियों की आवाजाही कम हो। फिर 2019 में Ultra Low Emission Zone (ULEZ) लागू किया गया, जिसका दायरा 2023 में बढ़ाया गया। इसके तहत तय उत्सर्जन मानकों (emission standards) पर खरे न उतरने वाले पुराने और ज़्यादा प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर रोजाना शुल्क लगाया जाता है। इससे लोगों को साफ़ वाहन अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिला।
पेरिस
पेरिस ने वायु प्रदूषण कम करने के लिए अपने शहर की बनावट और लोगों के आने-जाने के तरीकों में बड़े बदलाव किए। 2007 से 2024 के बीच शहर में PM2.5 का स्तर 55% और NO2 का स्तर 50% कम हुआ। इस बदलाव के पीछे कई कदम थे।
शहर में साइकिल चलाना आसान बनाने के लिए लगभग 1,000 किलोमीटर लंबे साइकिल ट्रैक बनाए गए। 2030 तक इनकी लंबाई 1,400 किलोमीटर करने की योजना है। इसके साथ ही शहर में 300 हेक्टेयर हरित क्षेत्र जोड़े गए और लगभग 60,000 पार्किंग जगहें खत्म की जा रही हैं। इसका मकसद निजी गाड़ियों पर निर्भरता कम करना और शहर में पैदल चलने तथा साइकिल चलाने के लिए ज्यादा जगह बनाना है।
साथ ही, SUV की पार्किंग महंगी कर दी गई। जहाँ छोटी कारों के लिए पार्किंग शुल्क 6 यूरो प्रति घंटा है, वहीं SUV के लिए 18 यूरो प्रति घंटा देना पड़ता है। इसके अलावा, जब खराब हवा की आशंका होती है, तो उन दिनों सार्वजनिक परिवहन मुफ़्त कर दिया जाता है।
लॉस एंजेलिस
लॉस एंजेलिस में प्रदूषण की समस्या 1940 के दशक में गंभीर रूप से सामने आई। यहाँ आसमान में भूरे रंग की धुंध छा जाती थी, जिसे Smog कहा जाता है। पेट्रोल से चलने वाली गाड़ियों से VOCs और NOx नाम के प्रदूषक निकलते थे। सूरज की रोशनी के साथ रासायनिक प्रतिक्रिया करके ये प्रदूषक स्मॉग पैदा करते थे।
इस समस्या से निपटने के लिए कैलिफ़ोर्निया ने नई गाड़ियों में Smog Control Devices लगाना अनिवार्य कर दिया। यह कदम काफ़ी अहम था, क्योंकि इससे गाड़ियों से निकलने वाले प्रदूषण को सीधे नियंत्रित करने की शुरुआत हुई। इसी दिशा में आगे चलकर California Air Resources Board (CARB) बनाया गया। इस संस्था ने ऐसे नियम और मानक तैयार किए जो अमेरिका के संघीय स्तर के नियमों से भी ज़्यादा सख्त थे।
बाद में अमेरिकी सरकार ने 1970 और 1990 में Federal Clean Air Acts लागू किए। इन कानूनों के तहत गाड़ियों में Catalytic Converters लगाना अनिवार्य किया गया। इनका काम VOCs और NOx जैसे प्रदूषकों को कम करना था, जो स्मॉग बनने की मुख्य वजह थे। इस तरह लॉस एंजेलिस ने गाड़ियों से निकलने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए तकनीक और सख्त नियम दोनों का सहारा लिया।
बीजिंग
2010 के शुरुआती वर्षों में बीजिंग दुनिया के सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों में गिना जाता था। यहाँ PM2.5 का सालाना औसत स्तर अक्सर 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से भी ऊपर रहता था। इसके बाद चीन ने प्रदूषण कम करने के लिए बड़े स्तर पर कदम उठाए। 2013 में Action Plan for Air Pollution Prevention and Control शुरू किया गया। इसके अगले दस वर्षों में बीजिंग ने PM2.5 प्रदूषण को 50% से ज़्यादा घटा दिया।
इस सफलता के लिए कई कदम एक साथ उठाए गए। 2008 के ओलंपिक खेलों के समय से ही घरों और उद्योगों में कोयले से होने वाली हीटिंग को धीरे-धीरे प्राकृतिक गैस और बिजली जैसे साफ़ विकल्पों से बदला जाने लगा। ज़्यादा प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों को बंद किया गया, अपग्रेड किया गया या शहर के आसपास के दूसरे इलाकों में स्थानांतरित किया गया।
इसके अलावा, गाड़ियों के उत्सर्जन के लिए बेहद सख्त मानक लागू किए गए। बसों और मेट्रो का नेटवर्क बढ़ाया गया और पैदल चलने तथा साइकिल चलाने के लिए बेहतर सुविधाएँ विकसित की गईं। सबसे अहम बात यह थी कि नए नियमों को सख्ती से और लगातार लागू किया गया। यानी बीजिंग ने सिर्फ़ एक क्षेत्र पर ध्यान देने के बजाय ऊर्जा, उद्योग, परिवहन और नियमों के पालन, सभी मोर्चों पर एक साथ काम किया।
— सरथ गुट्टीकुंडा और साई कृष्ण दम्मालपति के रिसर्च पर आधारित
सरथ गुट्टीकुंडा भारत के एक प्रमुख जलवायु वैज्ञानिक, प्रदूषण रिसर्चर और UrbanEmissions.Info के संस्थापक-निदेशक हैं। यह एक स्वतंत्र रिसर्च ग्रुप है, जो 2007 से प्रदूषण की समस्या पर काम कर रहा है।
साई कृष्ण एक सिविक टेक्नोलॉजिस्ट और रिसर्चर हैं। उन्होंने शहरी नियोजन, बाढ़ प्रबंधन और वायु प्रदूषण के क्षेत्रों में ओपन डेटा प्रोजेक्ट्स के माध्यम से काफ़ी योगदान दिया है।
शब्दांकन: परीक्षित सूर्यवंशी
मूल लेख और रिसर्च पेपर आप यहाँ पढ़ सकते हैं : What is Missing from the Air Quality Dialogues in India?
पुलियाबाज़ी में शेयर करें अपने लेख और फ़ोटो
क्या आप भी पुलियाबाज़ी मैगज़ीन के अगले अंक में अपना लेख या फ़ोटो प्रकाशित होते देखना चाहते हैं? अगर हाँ, तो भेजिए अपनी एंट्री । अगले अंक की थीम है “आज़ादी की राह”। यदि आपका लेख /फ़ोटो चुना जाता है, तो वह हमारी आगामी मैगज़ीन में प्रकाशित किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए कृपया नीचे दी गई लिंक पर जाएँ:
SUBMISSION GUIDELINES & STYLE GUIDE
पुलियाबाज़ी मैगज़ीन: पाठकों के लिए दो खास ऑफर्स
पुलियाबाज़ी का चौथा अंक चुका है और इस अंक की थीम है ‘Vibrant Cities’ यानी जानदार शहर। इसमें आपको दुनिया भर के शहरों के अनूठे किस्से-कहानियों, शहरी नीतियों और अन्य दिलचस्प विषयों पर बेहतरीन लेख पढ़ने को मिलेंगे।
इस अंक के प्रकाशन के साथ ही हम अपने पाठकों के लिए लेकर आए हैं दो खास ऑफर्स*।
ऑफर 1: पुलियाबाज़ी मैगज़ीन के सभी 4 अंक (अंक 1 से 4) मात्र ₹500 में!
ऑफर 2: पुलियाबाज़ी मैगज़ीन के अंक 4 के साथ अंक 1 और 2 बिल्कुल मुफ्त!
तो देर किस बात की? आज ही अपनी कॉपी बुक करें:
पुलियाबाज़ी मैगज़ीन । Puliyabaazi Magazine
सात साल और 300 से अधिक एपिसोड के सफर के बाद, 'पुलियाबाज़ी' अब पॉडकास्ट से आगे बढ़कर एक लिखित विचार-पत्रिका के रूप में आपके सामने है। हमारी कोशिश हमेशा से जटिल विषयों और लोकनीति को भारी-भरकम शब्दावली के बजाय सहज, बोलचाल की हिंदी में पेश करने की रही है—ताकि विचार सीधे दिल और दिमाग दोनों को छू सकें। लोकनीति, टेक्नोलॉजी, सामयिकी और साहित्य से जुड़े हिंदी ले…
*ऑफर सीमित समय तक।
हमारे कई पाठकों की माँग थी कि पुलियाबाज़ी मैगज़ीन डिजिटल फ़ॉर्मेट में भी उपलब्ध कराई जाए। हमें ख़ुशी है कि हम उनकी यह माँग पूरी कर सके।
नीचे दी गई लिंक (Amazon) से आप पुलियाबाज़ी के सभी अंक डिजिटल रूप में खरीद सकते हैं। चौथा अंक भी यहाँ उपलब्ध हो गया है। अगर आपके पास Kindle Unlimited है, तब तो आप ये सभी अंक फ्री में पढ़ सकते हैं!
Those outside India, please check your local Amazon website.
Puliyabaazi Hindi Magazine on Amazon
शोर-शराबे से AI हैक तक: नियम कैसे बदलते हैं? Noise Pollution & Hugging Face Incident
इस हफ़्ते पुलियाबाज़ी पर चर्चा थोड़ी हटकर है। हमने शुरुआत की गणेश उत्सव के दौरान होने वाले ध्वनि प्रदूषण से और बात यहाँ तक पहुँची कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लोगों की ही भाषा में संवाद करना कितना ज़रूरी है। इसके साथ ही हमने सामाजिक नियमों के बदलने की प्रक्रिया पर भी गौर किया। एपिसोड के दूसरे हिस्से में हम तकनीक की दुनिया का रुख करते हैं और …
तितली से तूफ़ान। Predictability Amidst Chaos ft. Climate Scientist Prof. Jagadish Shukla
इस हफ़्ते आपके लिए एक बार फिर एकदम nerdy और technical पुलियाबाज़ी हाज़िर है। क्लाइमेट पर ऊपरी तौर पे तो काफ़ी चर्चा होती है पर इसके विज्ञान तक शायद ही कोई जाता है। तो इसी लिए हमने होमवर्क किया और पहुँच गए प्रोफ़ेसर शुक्ला की क्लास में। प्रोफ़ेसर जगदीश शुक्ला प्रसिद्ध क्लाइमेट साइंटिस्ट है और 2007 में अल गोर के साथ नोबेल प्राइज जीतने वाली IPCC टीम के मेंबर रह …
बिजली और मौसम परिवर्तन का नाता। Power Sector Reforms will Unlock Climate Transition ft. Akshay Jaitly
Power sector will play a crucial role in India's climate transition. However, reforms remain stalled and the price system is broken in this sector dominated by the state. What are some possible solutions to navigate this challenge? This week on Puliyabaazi, Akshay Jaitly joins us to give us a comprehensive view of the sector and presents new ideas to fi…







