आदिवासी महिलाओं ने कैसे बदली बिजलपुर की तकदीर?
How desilting of a check dam transformed the lives of tribal women and their families in a Rajasthan village
—विकास मेश्राम
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के सज्जनगढ़ ब्लॉक में अधिकांश आबादी आदिवासी समुदाय से है। यहाँ के लोग पहाड़ियों और फलियों (hamlets) में बसे हुए हैं, जहाँ न पर्याप्त सिंचाई है, न स्थायी रोज़गार। परिवार वर्षा आधारित खेती और दिहाड़ी मज़दूरी पर निर्भर हैं। जब बारिश नहीं होती, तो पूरे के पूरे परिवार अहमदाबाद जैसे शहरों में भवन निर्माण के काम के लिए निकल जाते हैं, कभी-कभी साल के बारह में से छह महीने से भी ज़्यादा समय के लिए। यह पलायन सिर्फ़ आर्थिक समस्या नहीं है। इसका सबसे गहरा असर महिलाओं के स्वास्थ्य पर, बच्चों की पढ़ाई पर और परिवार के रोज़मर्रा के रिश्तों पर पड़ता है। जलवायु परिवर्तन ने इन मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।
इन्हीं हालात में बिजलपुर गाँव में रहती हैं दयाबाई मोतीलाल डोडीयार। उम्र छियालीस साल, पाँच सदस्यों का परिवार और आठ बीघा ज़मीन। लेकिन सिंचाई की सुविधा न होने के कारण साल में केवल एक ही फ़सल हो पाती थी। बाकी समय परिवार सहित शहर जाकर मज़दूरी करना उनकी मजबूरी थी।

उनके खेत के पास ग्राम पंचायत गोदावाड़ा नारंग ने वर्ष 2013 में एक चेकडैम बनाया था। लेकिन एक दशक में उसमें इतनी मिट्टी भर गई कि वह पूरी तरह बेकार हो गया। ढाँचा तो खड़ा था, पर न पानी रुकता था, न खेतों को कोई फ़ायदा होता था। उसी चेकडैम से सटे खेत सक्षम समूह की तेरह अन्य महिला किसानों बिनुबाई, हीरा, राधिका, मीरा, संगीता, राजकुमारी, मंजुला, काली, लक्ष्मी, शीला, देवली और सीता डोडीयार के भी थे। उन सभी के लिए यह जर्जर चेकडैम एक साझी समस्या थी, जिसका समाधान कभी कोई नहीं ढूँढ पाया था।
इसी दौरान वागधारा (कृषि एवं आदिवासी स्वराज संगठन) हिंदुस्तान यूनिलीवर फाउंडेशन के सहयोग से इस क्षेत्र में सतत कृषि, जल के कुशल उपयोग और समुदाय की आत्मनिर्भरता के लिए काम कर रही थी। ग्राम स्वराज समूह, सक्षम समूह और बाल स्वराज समूह के ज़रिये नियमित प्रशिक्षण और बैठकें होती थीं। वर्ष 2023 से जल संरक्षण संरचनाओं की मरम्मत पर विशेष संवाद शुरू हुआ था।
एक बैठक में जब जल संरचनाओं की चर्चा छिड़ी, तो दयाबाई के मन में वह निष्क्रिय चेकडैम कौंध गया। उन्होंने सोचा—यदि इसे गहरा किया जाए, तो न केवल उनके खेत को, बल्कि आसपास के सभी किसानों को पानी मिल सकता है। दयाबाई ने पहले सक्षम समूह की साथियों बिनुबाई, हीरा, राधिका और मीरा से इस विचार पर बात की। सबकी सहमति बनी और ग्राम स्वराज की बैठक में प्रस्ताव रखा गया। सामूहिक विचार-विमर्श के बाद ग्राम पंचायत गोदावाड़ा नारंग के नाम प्रस्ताव तैयार हुआ और ग्राम सभा में जमा किया गया।
ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव स्वीकार किया। महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी योजना यानी मनरेगा के अंतर्गत चेकडैम गहरीकरण का काम स्वीकृत हुआ।
जब काम शुरू हुआ, तो आसपास के सत्तर परिवारों के सदस्य कंधे से कंधा मिलाकर जुट गए। दो महीने तक यह सिलसिला चला। दयाबाई और उनकी साथियों की भूमिका विशेष रही। वे मज़दूरों को पानी पिलाने से लेकर हलमा के ज़रिये सफ़ाई और पिचिंग के काम में भी सक्रिय रहीं। हलमा आदिवासी परंपरा में सामूहिक श्रमदान की वह प्रथा है, जिसमें पूरा समुदाय किसी एक काम के लिए बिना किसी मज़दूरी की उम्मीद के एकजुट होता है। इस पुरानी परंपरा ने यहाँ एक आधुनिक ज़रूरत को पूरा किया और पूरा समुदाय एक नई उम्मीद के साथ जुड़ गया।
मनरेगा के तहत हुए इस काम से आसपास के परिवारों को करीब दो महीने का रोज़गार मिला। अनुमानतः 2,200 रोज़गार दिवस सृजित हुए।

बारिश के मौसम में जब चेकडैम में पानी ठहरने लगा, तो उस पानी में इन महिलाओं को अपना भविष्य दिखाई दिया। सभी ने तय किया कि इस बार पलायन नहीं होगा। इस बार घर पर रहेंगे, अपनी ज़मीन पर खेती करेंगे। चेकडैम से जुड़ी बासठ बीघा भूमि पर चौदह किसानों ने रबी की फ़सल बोई। चना, गेहूँ, मक्का, मटर और तुवर की फ़सलें लहलहाईं। यह संतुष्टि किसी मज़दूरी से नहीं मिल सकती थी।
पानी ठहरने का असर केवल खेतों तक नहीं रहा। आसपास के कुओं, हैंडपंपों और बोरवेल में भूमिगत जल स्तर में सुधार के संकेत मिले। पशुओं को पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ा, जिससे पशुपालन में भी राहत मिली। सिंचाई का रकबा बढ़ा और उसी के साथ घर में टिके रहने का हौसला भी।
आज दयाबाई केवल अपने घर तक सीमित नहीं हैं। वे सक्षम समूह को मज़बूत करने के लिए अन्य महिलाओं से नियमित संपर्क करती हैं और अपने समुदाय को जल, ज़मीन, जंगल, जानवर और देसी बीज के महत्व के बारे में समझाती हैं। उनके पति और परिवार के सदस्य जो पहले छह महीने से ज़्यादा समय के लिए शहर चले जाते थे, आज अपनी ज़मीन पर खेती करते हुए परिवार के साथ हैं।
यह बदलाव किसी एक व्यक्ति की मेहनत का नतीजा नहीं है। यह उस पूरी प्रक्रिया का परिणाम है जिसमें महिलाओं ने अपनी आवाज़ उठाई, समुदाय ने साथ दिया और परंपरागत ज्ञान तथा सरकारी योजनाओं का मेल हुआ। बिजलपुर की यह कहानी इस बात की मिसाल है कि जल संरक्षण के छोटे-छोटे प्रयास भी किस तरह एक पूरे समुदाय की दिशा बदल सकते हैं।
— विकास मेश्राम
विकास परसराम मेश्राम वागधारा संस्था के साथ राजस्थान के आदिवासी क्षेत्रों में कृषि और जल प्रबंधन पर काम करते हैं।
पुलियाबाज़ी मार्च-मई 2026 का अंक आपने पढ़ा ही होगा। लेकिन जिन्होंने अब तक नहीं पढ़ा, उनके लिए पेश है इस अंक की एक झाँकी:
इस अंक में क्या है? ‘Rule of Law’ यानी ‘कानून का शासन’ थीम पर आधारित इस अंक में हैं कई दिलचस्प लेख, किस्से, कहानियाँ और कार्टून, जो आपको एकदम सरल भाषा और उदाहरणों के ज़रिये इस विषय की गहराई तक ले जाते हैं। भारत में कंपनी ट्रिब्यूनल की स्थिति, संपत्ति का अधिकार, इंडिया जस्टिस रिपोर्ट की झाँकी, गणतंत्र की विशेषताएँ, भारतीय साहित्य में न्याय तत्त्व के दर्शन और संविधान निर्माण की अनसुनी कहानी। हमें यकीन है इस अंक का हर एक लेख आपको न सिर्फ़ नई जानकारी देगा, बल्कि उस विषय पर एक नया नज़रिया भी देगा।
तो फिर देर किस बात की? अगर आपने अभी तक यह मैगज़ीन नहीं पढ़ी, तो तुरंत बुक कीजिए अपनी कॉपी नीचे दी गई लिंक पर:
पुलियाबाज़ी मैगज़ीन । Puliyabaazi Magazine
Order the magazine by scanning the QR Code below. You can order a single edition or a subscription of 4 editions.
पुलियाबाज़ी में शेयर करें अपनी फ़ोटो
क्या आप पुलियाबाज़ी मैगज़ीन में आपने खींची हुई कोई फ़ोटो साझा करना चाहते हैं? अगर हाँ, तो आप पुलियाबाज़ी मैगज़ीन के आगामी अंक के लिए अपनी फ़ोटो भेज सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए कृपया नीचे दी गई लिंक पर क्लिक करें:
SUBMISSION GUIDELINES & STYLE GUIDE
तितली से तूफ़ान। Predictability Amidst Chaos ft. Climate Scientist Prof. Jagadish Shukla
इस हफ़्ते आपके लिए एक बार फिर एकदम nerdy और technical पुलियाबाज़ी हाज़िर है। क्लाइमेट पर ऊपरी तौर पे तो काफ़ी चर्चा होती है पर इसके विज्ञान तक शायद ही कोई जाता है। तो इसी लिए हमने होमवर्क किया और पहुँच गए प्रोफ़ेसर शुक्ला की क्लास में। प्रोफ़ेसर जगदीश शुक्ला प्रसिद्ध क्लाइमेट साइंटिस्ट है और 2007 में अल गोर के साथ नोबेल प्राइज जीतने वाली IPCC टीम के मेंबर रह …
बेंगलुरु निवासियों का कारे मेघा आलाप। Bengaluru water crisis through Wicksellian Connection framework
इस हफ़्ते पुलियाबाज़ी पर हमारे दो बेंगलुरु निवासी होस्ट ‘कारे मेघा, कारे मेघा’ का आलाप लगाते पाए गए। पानी कब बरसेगा ये तो पता नहीं, पर इस पानी की समस्या में छिपे कुछ पब्लिक पॉलिसी के पाठ प्रणय ने ख़ोज निकाले। जब किसी संसाधन की कमी हो तो उसकी सही कीमत लगाने से उसका सही उपयोग निश्चित किया जा सकता है, ये तो पुलियाबाज़ी के श्रोता जानते ही होंगे।
भारत: एक भूजल सभ्यता। India: A Groundwater Civilisation.
India’s connection with groundwater is recorded as far back as the Indus Valley Civilisation. What are the consequences of relying on groundwater? How can over-extraction of groundwater resources be contained? What role can you play in water conservation? We discuss all these questions and more in this episode with S Vishwanath (
We welcome articles/blogs/experiences from our readers and listeners. If you are interested in getting your writing featured on Puliyabaazi, please send us your submissions at puliyabaazi@gmail.com. Check out this article for submission guidelines.










thank you for bringing this story to us.